हिमाचल प्रदेश सरकार ने आम लोगों की सुविधा के लिए नई दिल्ली, चंडीगढ़ और शिमला स्थित चार सरकारी गेस्ट हाउसों के 24 कमरे ऑनलाइन बुकिंग के लिए उपलब्ध कराने का फैसला लिया है। खास बात यह है कि इन कमरों का किराया भी घटा दिया गया है। अब इनका किराया 4,000 रुपये के बजाय 3,000 रुपये प्रति कमरा प्रतिदिन होगा। इसमें सभी कर शामिल हैं।
इन कमरों की बुकिंग हिम अतिथि पोर्टल के माध्यम से की जा सकेगी। सरकार ने पहले ही हिमाचल भवन और हिमाचल सदन, नई दिल्ली, हिमाचल भवन, चंडीगढ़ और विली पार्क सर्किट हाउस, शिमला के 24 कमरों को आम जनता के लिए ऑनलाइन बुकिंग के लिए अधिसूचित कर दिया था। अब पोर्टल में जरूरी तकनीकी व्यवस्था पूरी होने के बाद ऑनलाइन बुकिंग शुरू करने का निर्णय लिया गया है।
किस गेस्ट हाउस में कितने कमरे
हिमाचल भवन, नई दिल्ली – 7 कमरे
हिमाचल सदन, नई दिल्ली – 4 कमरे
हिमाचल भवन, चंडीगढ़ – 3 कमरे
विली पार्क सर्किट हाउस, शिमला – 10 कमरे
हिम अतिथि पोर्टल पर कमरे की बुकिंग आगमन की तारीख से अधिकतम तीन दिन पहले की जा सकेगी। बुकिंग तभी पक्की मानी जाएगी, जब 3,000 रुपये प्रति कमरे का शुल्क अग्रिम रूप से जमा कर दिया जाएगा। इसके लिए नेट बैंकिंग, क्यूआर कोड, यूपीआई, डेबिट कार्ड और क्रेडिट कार्ड से भुगतान की सुविधा उपलब्ध होगी।
Source: Read original article
