एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक की ओर बढ़ रही भारतीय महिला कबड्डी टीम शुक्रवार को सेमीफाइनल खेलेगी। खास बात यह है कि भारतीय टीम की कमान इस बार हिमाचल की बेटी पुष्पा राणा के हाथों में है। कप्तान पुष्पा के साथ हिमाचल की रितु नेगी, ज्योति ठाकुर और भावना भी कोर्ट पर उतरेंगी। ऐसे में प्रदेश की चार बेटियों के कंधों पर भारत को फाइनल तक पहुंचाने की जिम्मेदारी होगी। ग्रुप चरण में भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बांग्लादेश, ईरान और मेजबान जापान के खिलाफ तीनों मुकाबले जीते और ग्रुप-ए में अपना अभियान दमदार अंदाज में खत्म किया।


अब 25 सितंबर को नेपाल के साथ सेमीफाइनल मुकाबला होगा। इसमें जीत दर्ज कर टीम फाइनल का टिकट कटाने उतरेगी। मुकाबला भारतीय समयानुसार सुबह 9:30 बजे या दोपहर 2:30 बजे हो सकता है। कप्तान पुष्पा राणा के लिए यह मुकाबला व्यक्तिगत तौर पर भी बेहद अहम होगा। टीम की कमान संभालने के साथ वह हिमाचल की उस कबड्डी परंपरा को भी आगे बढ़ा रही हैं, जिसने देश को कई प्रतिभाशाली खिलाड़ी दिए हैं। उनके साथ रितु नेगी का अनुभव टीम के लिए अहम होगा।

रितु इससे पहले भी एशियाई खेलों में भारतीय टीम की कप्तानी कर चुकी हैं। वहीं ज्योति ठाकुर और भावना भी टीम के अभियान में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। ग्रुप चरण में लगातार तीन जीत के बाद भारतीय टीम का आत्मविश्वास बढ़ा हुआ है, लेकिन नॉकआउट मुकाबले में हर अंक की अहमियत होगी। सेमीफाइनल जीतते ही भारत 26 सितंबर को स्वर्ण पदक के लिए फाइनल में उतरेगा। साई के नेशनल सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के प्रभारी सहायक निदेशक जेपी शानी ने कहा कि सेंटर की तीन खिलाड़ी सहित पूरी टीम बेहतर प्रदर्शन कर रही है। बेहतर खेल के दम पर भारतीय टीम नेपाल को हराकर फाइनल में जगह बनाएगी।

Source: Read original article

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *