शाहपुर (हिमाचल प्रदेश) न्यूज व्यूज पोस्ट — जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में शनिवार सुबह हुए आतंकी हमले में हिमाचल प्रदेश के शाहपुर उपमंडल के सिहोलपुरी गांव के वीर सपूत सूबेदार मेजर पवन कुमार जरियाल (48) ने देश की रक्षा करते हुए अपने प्राणों की आहुति दी। वे 25 पंजाब रेजीमेंट में सेवारत थे और भारतीय सेना में दो पीढ़ियों से सेवाएं देने वाले परिवार से ताल्लुक रखते थे। उनके पिता हवलदार गरजो सिंह भी सेना से सेवानिवृत्त हो चुके हैं।
शनिवार सुबह लगभग 7:00 बजे पाकिस्तान की ओर से हो रही भारी गोलीबारी और आतंकी हमले के दौरान पवन कुमार वीरगति को प्राप्त हुए। सेना की ओर से सुबह ही उनके परिवार को इस दुखद समाचार की सूचना दी गई।
राजौरी-पुंछ सेक्टर में सीमा पार से लगातार बढ़ती गतिविधियों और तनाव के बीच शहीद सूबेदार मेजर पवन कुमार ने अपने कर्तव्यपथ पर अडिग रहते हुए शौर्य का परिचय दिया। उनकी शहादत की खबर मिलते ही पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। गांव सिहोलपुरी सहित समूचा शाहपुर गर्व और ग़म के मिश्रित भावों से भर गया है।