नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रोहड़ू पुलिस ने अणु क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति से 4.50 ग्राम हेरोइन बरामद की है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आरोपी हिमाचल सड़क परिवहन निगम (एचआरटीसी) में अनुबंध आधार पर कार्यरत है।
पुलिस के अनुसार कार्रवाई 22 अगस्त को की गई। रोहड़ू पुलिस थाना की टीम एचपीपीडब्ल्यूडी स्टोर, अणु के पास गश्त कर रही थी। इसी दौरान पुलिस ने एक व्यक्ति को संदेह के आधार पर रोका और नियमानुसार उसकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान व्यक्ति की पैंट की जेब से 4.50 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर मादक पदार्थ को कब्जे में ले लिया और सील कर दिया।
धारा 21 के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने आरोपी की पहचान 35 वर्षीय भुवनेश्वर निवासी रोहड़ू तहसील के रूप में की है। उसके खिलाफ पुलिस थाना रोहड़ू में एनडीपीएस अधिनियम की धारा 21 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
नशे की सप्लाई को लेकर जांच जारी
पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर रही है। जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि बरामद चिट्टा उसे कहां से मिला और क्या इसके पीछे कोई अन्य व्यक्ति या सप्लाई नेटवर्क जुड़ा हुआ है। पुलिस मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
Source: Read original article
