भारतीय शास्त्रीय संगीत में कशिश और रोनी राणा ने प्रदेशभर में हासिल किया पहला स्थान
रामपुर बुशहर, विशेषर नेगी।
गोविंद बल्लभ पंत मेमोरियल राजकीय महाविद्यालय रामपुर बुशहर के विद्यार्थियों ने अंतर महाविद्यालय युवा महोत्सव ग्रुप-2 (संगीत) में शानदार प्रदर्शन कर महाविद्यालय का नाम रोशन किया है। राजकीय महाविद्यालय हमीरपुर में आयोजित इस महोत्सव में रामपुर कॉलेज के विद्यार्थियों ने अपनी संगीत प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए भारतीय समूहगान प्रतियोगिता में प्रथम स्थान हासिल किया।
इस उपलब्धि में एक और गौरवपूर्ण अध्याय जोड़ते हुए कशिश और रोनी राणा ने भारतीय शास्त्रीय संगीत प्रतियोगिता में प्रदेशभर में प्रथम स्थान प्राप्त किया। विद्यार्थियों की इस सफलता से महाविद्यालय में खुशी का माहौल है।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. पंकज बासोतिया ने विद्यार्थियों की उपलब्धियों पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह पूरे महाविद्यालय परिवार के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने बताया कि महाविद्यालय ने इस वर्ष वाद-विवाद प्रतियोगिता में भी प्रथम स्थान हासिल किया है।
प्राचार्य ने युवा महोत्सव से जुड़ी समिति और सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके प्रयासों की सराहना की। उन्होंने उम्मीद जताई कि विद्यार्थी भविष्य में भी अपनी प्रतिभा और मेहनत के दम पर महाविद्यालय का नाम रोशन करते रहेंगे।
रामपुर कॉलेज के विद्यार्थियों की यह उपलब्धि न केवल उनकी संगीत साधना और मेहनत का परिणाम है, बल्कि महाविद्यालय में शैक्षणिक गतिविधियों के साथ-साथ सांस्कृतिक प्रतिभाओं को मिल रहे प्रोत्साहन को भी दर्शाती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *