13 अक्टूबर को बस में मिला था लावारिस बैग, शिमला पुलिस ने तीन दिन में सुलझाया ब्लाइंड केस
रामपुर बुशहर, विशेषर नेगी। शिमला पुलिस ने नशा तस्करी के एक मामले में कार्रवाई करते हुए रामपुर से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामला 13 अक्टूबर को शोघी पुलिस चौकी के पास एक बस से 36 ग्राम चिट्टा बरामद होने से जुड़ा है। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और खुफिया सूचनाओं के आधार पर इस ब्लाइंड केस को सुलझाया।
पुलिस के अनुसार, बस की तलाशी के दौरान ऊपरी रैक में रखा काले रंग का बैग मिला था, जिस पर किसी यात्री ने दावा नहीं किया। इसके बाद अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया।
जांच के दौरान पुलिस ने 16 अक्टूबर को अविनाश कपूर (31) को गिरफ्तार किया। उससे मिले सुरागों के आधार पर विशेष टीम ने रामपुर में दबिश देकर 19 अक्टूबर को विशाल ठाकुर (26) और खुशवंत सिंह (31) को भी गिरफ्तार कर लिया। तीनों आरोपी रामपुर, जिला शिमला के निवासी बताए गए हैं।
एएसपी शिमला मेहर पंवर ने गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि अदालत ने तीनों आरोपियों को पुलिस रिमांड पर भेजा है। पुलिस अब नशे की खेप के स्रोत और मुख्य सप्लायर का पता लगाने के लिए जांच कर रही है।
