संवाद न्यूज एजेंसी, हमीरपुर (हि. प्र.)
Published by: Ankesh Dogra

Updated Sun, 11 Oct 2026 05:50 PM IST

हमीरपुर में नन्ही नातिन के स्वागत को परिवार ने यादगार बना दिया। वार्ड नंबर 10 बाईपास में सेवानिवृत्त कानूनगो शेर सिंह के परिवार ने श्रजीनिका को सजे रथ में बिठाकर बैंड-बाजे के साथ नाना के घर पहुंचाया। परिवार ने इस परंपरा के जरिए बेटियों को समान प्यार और सम्मान देने का संदेश दिया।

hamirpur family celebrates granddaughter welcome decorated chariot

रथ में नन्हीं नातिन को ले जाते परिजन।
– फोटो : अमर उजाला नेटवर्क



विस्तार

बेटी के जन्म की खुशी को खास अंदाज में मनाते हुए हमीरपुर शहर के वार्ड नंबर 10 बाईपास में सेवानिवृत्त कानूनगो शेर सिंह के परिवार ने नातिन श्रजीनिका के नाना के घर पहली बार आगमन पर भव्य आयोजन किया। नन्ही परी को सजे-धजे रथ में बिठाकर बैंड-बाजे के साथ घर लाया गया। परिवार के सदस्यों और रिश्तेदारों ने खुशियां मनाकर उसके स्वागत को यादगार बना दिया। नातिन के स्वागत के लिए नाना शेर सिंह, नानी अनीता और अन्य रिश्तेदार घर से कुछ दूरी पर एकत्रित हुए। इसके बाद बैंड-बाजे की धुन के बीच रथ यात्रा निकाली गई। घर पहुंचने पर श्रजीनिका का स्वागत किया गया।


शेर सिंह ने बताया कि करीब तीन वर्ष पहले उनकी बड़ी बेटी के घर भी बेटी का जन्म हुआ था। उस समय भी नातिन को इसी तरह सजे रथ में बिठाकर नाना के घर लाया गया था। परिवार ने एक बार फिर उसी परंपरा को निभाते हुए नन्ही श्रजीनिका के आगमन पर उत्सव मनाया। उन्होंने कहा कि बेटियां परिवार की खुशियां बढ़ाती हैं और आज किसी भी क्षेत्र में बेटों से कम नहीं हैं। बेटी के जन्म को भी उत्सव के रूप में मनाना चाहिए, ताकि समाज में बेटियों के प्रति सकारात्मक सोच विकसित हो और उन्हें बेटों के समान प्यार व सम्मान मिल सके।

Source: Read original article

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *