शिमला-मटौर फोरलेन परियोजना के तहत मसयाणा में निर्माणाधीन ट्रस ब्रिज का स्पैन टूटने के मामले में पुलिस ने बड़ा कदम उठाया है। हादसे में लेबर ठेकेदार अजय कुमार की मौत के बाद पुलिस ने निर्माण कार्य कर रही जे-इंफ्राटेक कंपनी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। पुलिस ने यह मामला मृतक अजय कुमार के चचेरे भाई नरेंद्र कुमार की शिकायत के आधार पर दर्ज किया है। शिकायत में पुल के डिजाइन, निर्माण में इस्तेमाल की गई सामग्री और काम के दौरान अपनाए गए सुरक्षा इंतजामों पर गंभीर सवाल उठाए गए हैं। पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 125, 125(ए), 125(बी) और 106(1) के तहत एफआईआर दर्ज की है।
पुल का आधा हिस्सा अचानक टूटा
शिकायत के अनुसार, 2 अक्टूबर को सुबह अजय कुमार मजदूरों के साथ हथली खड्ड पर फोरलेन के ऊपर बनाए जा रहे लोहे के पुल को जोड़ने का काम कर रहे थे। दोपहर करीब 1 बजे काम के दौरान अचानक निर्माणाधीन पुल का आधा हिस्सा टूटकर नीचे जा गिरा। हादसे की चपेट में अजय कुमार और मजदूर कमल कुमार आ गए और दोनों नीचे खाई में जा गिरे। वहीं, पांच अन्य मजदूर पुल के पिलर पर फंस गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। बचाव दल और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकाला गया। अजय कुमार को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज हमीरपुर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल कमल कुमार को एम्स बिलासपुर रेफर किया गया।
Source: Read original article
