राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी ने कहा कि पार्टी के हित में सवाल उठाना अनुशासनहीनता नहीं है। अनुशासन के नियम केवल उन पर ही लागू नहीं हो सकते। नेगी ने कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी रजनी पाटिल की नसीहत पर पलटवार किया। नेगी बोले कि उन्होंने मीडिया में वही बातें कही हैं, जो पार्टी के अंदर और कांग्रेस प्रभारी के सामने भी रखी हैं। कोई गलत बात नहीं कही है। अगर पार्टी में उठाए गए सवालों और शिकायतों पर कार्रवाई नहीं होगी तो सवाल उठते ही रहेंगे। संगठन के अंदर उठने वाले मुद्दों का समाधान पार्टी स्तर पर होना चाहिए। साथ ही यह भी देखा जाना चाहिए कि उनके उठाए मुद्दों पर अब तक क्या कार्रवाई हुई है। नेगी ने कहा कि वह हमेशा पार्टी हित की बात करते हैं। उन्होंने कांग्रेस के भीतर पार्टी को कमजोर करने वाले लोगों पर भी सवाल उठाए। नेगी ने कहा कि ‘जय चंद’ और ‘स्लीपर सेल’ को पार्टी से बाहर किया जाना चाहिए।