अमेरिका के पांच सदस्यीय सांसदों के प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को मैक्लोडगंज में आध्यात्मिक गुरु दलाई लामा से उनके निवास पर मुलाकात की। इस दौरान दल ने तिब्बती लोगों और उनकी आकांक्षाओं के प्रति अमेरिका के समर्थन को दोहराया। अमेरिकी हाउस फॉरेन अफेयर्स कमेटी के चेयरमैन ब्रायन मास्ट की अगुवाई में पहुंचे सांसदों ने दलाई लामा के उत्तराधिकारी चयन में चीन के हस्तक्षेप पर भी चिंता व्यक्त की। प्रतिनिधिमंडल में सांसद जेम्स गैलाघर, जिमी पैट्रोनिस, श्री थानेदार और हेली स्टीवंस शामिल रहे।


मुलाकात के बाद मास्ट ने कहा कि दलाई लामा के साथ तिब्बत की स्थिति, तिब्बतियों की स्वतंत्रता और चीन की नीतियों समेत कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हुई। उन्होंने कहा कि तिब्बती आध्यात्मिक परंपरा को बीजिंग के हस्तक्षेप के बिना आगे बढ़ने की अनुमति मिलनी चाहिए। सांसद गैलाघर ने तिब्बती समुदाय के साथ निरंतर संपर्क बनाए रखने की बात कही। वहीं, हेली स्टीवंस ने शांति, लोकतंत्र और धार्मिक स्वतंत्रता के महत्व पर जोर दिया। मास्ट ने स्पष्ट किया कि प्रतिनिधिमंडल का मुख्य उद्देश्य दलाई लामा की बात सुनना और तिब्बती समुदाय की चिंताओं को समझना था।

दलाई लामा के उत्तराधिकारी के चयन को लेकर चीन और तिब्बती पक्ष के बीच मतभेदों के चलते यह मुलाकात महत्वपूर्ण मानी जा रही है। धर्मशाला पहुंचने से पहले अमेरिकी सांसदों ने मंगलवार को नई दिल्ली में वरिष्ठ भारतीय अधिकारियों से मुलाकात कर द्विपक्षीय संबंधों और अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर भी चर्चा की थी।

Source: Read original article

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed