साइबर ठगी के मामले लगातार नए तरीके से सामने आ रहे हैं। ऊना जिले के नंगल सलांगड़ी में भी ऐसा ही एक मामला सामने आया है, जहां एक व्यक्ति के मोबाइल में अचानक आई गड़बड़ी के बाद उसके बैंक खाते से 30 हजार रुपये निकल गए। पीड़ित के अनुसार शुक्रवार दोपहर करीब तीन बजे उसका मोबाइल अचानक सामान्य तरीके से काम करना बंद हो गया। मोबाइल की स्क्रीन काली दिखाई देने लगी और फोन में डार्क मोड जैसा बदलाव नजर आया। उसने फोन को बंद करने की कोशिश की, लेकिन मोबाइल बंद नहीं हुआ।
करीब एक घंटे बाद फोन दोबारा सामान्य तरीके से काम करने लगा। इसके बाद पीड़ित को बैंक की ओर से संपर्क किया गया। बैंक ने खाते से हुई एक निकासी के बारे में जानकारी मांगी। पीड़ित ने जब स्पष्ट किया कि उसने ऐसा कोई लेन-देन नहीं किया है, तो उसे अपने खाते में किसी अनधिकृत गतिविधि का संदेह हुआ।
खाते की जानकारी जांचने पर पता चला कि कुल 30 हजार रुपये निकाले जा चुके थे। इसके बाद पीड़ित ने बिना समय गंवाए बैंक से संपर्क किया और अपने खाते बंद करवाए। साथ ही साइबर अपराध की हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज करवाई।
पीड़ित ने बाद में साइबर अपराध पुलिस की ऊना इकाई में भी मामले की शिकायत दी। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि बैंक खाते से रकम किस माध्यम से निकाली गई और मोबाइल में आई असामान्य गतिविधि का इस घटना से कोई संबंध था या नहीं।
Source: Read original article
