चंबा जिले के अलमी क्षेत्र में बुधवार देर शाम खराब मौसम के बीच आसमानी बिजली गिरने से बड़ी संख्या में भेड़-बकरियां इसकी चपेट में आ गईं। हादसे में 30 भेड़-बकरियों की मौत हो गई, जबकि 20 घायल हो गईं। अचानक हुई इस घटना से पशुपालकों में अफरा-तफरी मच गई। हादसे में गद्दी समुदाय से जुड़े तीन पशुपालकों को भारी नुकसान हुआ है। प्रभावितों की पहचान तिलक, ठाकरू और भिंदर के रूप में हुई है। तीनों लिल्ह क्षेत्र के डगेड़ गांव के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार बुधवार देर शाम अलमी क्षेत्र में मौसम खराब था। इसी दौरान तेज गर्जना के साथ आसमानी बिजली गिरी और वहां मौजूद भेड़-बकरियां इसकी चपेट में आ गईं। घटना के बाद प्रभावित पशुपालकों और स्थानीय लोगों ने घायल पशुओं को संभाला।
पशुधन की मौत से परिवारों पर आर्थिक संकट
गद्दी समुदाय के पशुपालकों के लिए भेड़-बकरियां आय का महत्वपूर्ण साधन हैं। इतनी बड़ी संख्या में पशुधन की मौत होने से प्रभावित परिवारों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है। घायल पशुओं के उपचार और मृत पशुओं के नुकसान की भरपाई को लेकर भी पशुपालकों की चिंता बढ़ गई है।
घटना की सूचना मिलने के बाद संबंधित विभागीय अधिकारियों को मामले से अवगत करवाया गया। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से प्रभावित पशुपालकों को नियमों के तहत उचित राहत और मुआवजा देने की मांग की है।
विभागीय टीम करेगी जांच
एसडीएम चिराग शर्मा ने बताया कि उन्हें घटना की जानकारी मिली है। उन्होंने संबंधित विभागीय कर्मचारियों की टीम को मौके पर भेजकर मामले की जांच के आदेश जारी किए हैं। जांच के बाद नुकसान का आकलन किया जाएगा और नियमानुसार राहत प्रदान करने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।
Source: Read original article
