औषधीय गुणों से भरपूर और पहाड़ी व्यंजनों का स्वाद बढ़ाने वाले अनारदाने का सीजन शुरू हो गया है। राजधानी शिमला की अनाज मंडी में इन दिनों जंगली दाड़ू के दाने बेचने के लिए रोजाना दर्जनों किसान पहुंच रहे हैं। मंडी में अनारदाने की आवक शुरू होते ही कारोबारियों और किसानों के बीच खरीद-बिक्री का सिलसिला तेज हो गया है।

इस बार दाड़ू की फसल कम होने के कारण अनारदाने की आपूर्ति भी प्रभावित हुई है। इसका सीधा असर बाजार भाव पर पड़ा है। गुणवत्ता के आधार पर किसानों को अभी 700 से 1,000 रुपये प्रति किलो तक दाम मिल रहे हैं। वहीं, अब तक अनारदाने की अधिकतम बोली 1,200 रुपये प्रति किलो तक लग चुकी है।

दिवाली तक जारी रहेगा कारोबार

आढ़तियों के अनुसार, सायर उत्सव के बाद अनारदाना लेकर मंडी पहुंचने वाले किसानों की संख्या और बढ़ सकती है। अनारदाना बेचने का यह सिलसिला दिवाली तक जारी रहने की उम्मीद है। बरसात के कारण दाड़ू के दाने सुखाने में किसानों को परेशानी हो रही है। मौसम साफ होने के बाद मंडी में आवक बढ़ने की संभावना है।

शिमला की अनाज मंडी में सोलन जिले के दाड़ला और अर्की, शिमला जिले के धामी, घणाहट्टी, दाड़गी, सुन्नी और बसंतपुर के अलावा मंडी जिले के करसोग से भी किसान अनारदाना बेचने पहुंच रहे हैं।

रोजाना सुबह लगती है बोली

मंडी में वर्तमान में करीब 8 से 10 कारोबारी अनारदाने की आढ़त का काम कर रहे हैं। किसान रोज सुबह लगभग 10 बजे से 11:30 बजे तक अपना माल लेकर पहुंचते हैं। अनारदाने की गुणवत्ता देखकर बोली लगाई जाती है और इसके बाद खरीद होती है।

बिट्टू-बंटी आढ़त के मनीष कुमार ने बताया कि इस बार फसल कम होने के कारण अनारदाना 700 से 1,000 रुपये या इससे अधिक के भाव पर बिक रहा है। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में यदि बाजार में आपूर्ति बढ़ती है तो दाम कुछ कम हो सकते हैं, लेकिन फिलहाल किसानों को अच्छे भाव मिलने की उम्मीद है।

पंडित शिव नंद राम चंद राजा की आढ़त के साहिल शर्मा मग्गु ने बताया कि अनारदाने की मांग बनी हुई है। बरसात के चलते किसान दाने सुखाने में परेशानी झेल रहे हैं। मौसम खुलने पर मंडी में आवक बढ़ सकती है। उनके अनुसार, अनारदाना अब तक अधिकतम 1,200 रुपये प्रति किलो तक बिका है, जबकि औसत भाव करीब 700 रुपये है।

Source: Read original article

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed