श्री मणिमहेश यात्रा-2026 के तहत गुरुवार को भी श्रद्धालुओं का मणिमहेश धाम की ओर जाने का क्रम जारी रहा। उपमंडल अधिकारी (नागरिक) भरमौर अजय कुमार सिंह ने बताया कि गुरुवार को हड़सर से मणिमहेश के लिए पैदल यात्रा मार्ग से 434 श्रद्धालु रवाना हुए। उन्होंने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए हेली टैक्सी सेवा भी संचालित की जा रही है।
गुरुवार को भरमौर से गौरीकुंड के लिए हेली टैक्सी की 16 उड़ानें भरी गईं, जिनके माध्यम से भरमौर से गौरीकुंड के लिए 64 श्रद्धालुओं ने और गौरीकुंड से भरमौर के लिए 63 श्रद्धालुओं ने हवाई सेवा का लाभ उठाते हुए मणिमहेश यात्रा की। उन्होंने श्रद्धालुओं से अपील की कि वे यात्रा के दौरान स्वच्छता बनाए रखें, कूड़ा-कचरा निर्धारित स्थानों पर ही डालें और यात्रा मार्ग पर किसी भी प्रकार की अव्यवस्था उत्पन्न न करें। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं के सहयोग से ही मणिमहेश यात्रा को सुरक्षित एवं व्यवस्थित रूप से संपन्न करवाया जा सकता है।
बीएमओ भरमौर डॉ. दीपेश बराल ने बताया कि श्री मणिमहेश यात्रा के दृष्टिगत यात्रियों एवं श्रद्धालुओं को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा यात्रा मार्ग तथा प्रमुख पड़ावों पर मेडिकल कैंप स्थापित किए गए हैं। हड़सर, धन्छो, सुंदरासी, गौरीकुंड तथा डल झील में मेडिकल कैंप स्थापित किए गए हैं। इसके अतिरिक्त भरमाणी मंदिर और कलाह में भी मेडिकल कैंप लगाए गए हैं।
Source: Read original article
