आनी (सी आर शर्मा )। बाह्य सिराज क्षेत्र का बहुप्रतीक्षित जिला स्तरीय आनी मेला इस बार 7 मई से 10 मई तक बड़ी धूमधाम से मनाया जाएगा। स्थानीय निकाय, प्रशासन और पंचायती राज संस्थाओं के सहयोग से आयोजित होने वाला यह मेला ऐतिहासिक और सांस्कृतिक दृष्टि से क्षेत्र का एक महत्वपूर्ण पर्व है।
करीब 100 वर्षों से मनाए जा रहे इस पारंपरिक मेले का आयोजन क्षेत्र के आराध्य देवताओं—शमशरी महादेव, बयुंगली नाग देवता, देवरी नाग देवता, पनेउई नाग देवता और कुलक्षेत्र महादेव के सान्निध्य में किया जाता है।
ग्राम पंचायत आनी के प्रधान और मेला कमेटी अध्यक्ष लाल सिंह ने जानकारी दी कि मेले की शुरुआत 7 मई को आनी के विधायक लोकेंद्र कुमार द्वारा की जाएगी, जबकि 10 मई को समापन समारोह में प्रदेश के कैबिनेट मंत्री विक्रमादित्य सिंह मुख्य अतिथि होंगे।
मेले में डोम और झूलों का आवंटन कर दिया गया है। डोम का किराया 7 लाख 5 हजार रुपये और झूले का 2 लाख रुपये तय हुआ है। इसके अलावा मेला स्थल पर प्लॉट चिन्हित कर उनका आवंटन कार्य भी शुरू कर दिया गया है।
लाल सिंह ने बताया कि मेले की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए 3 और 4 मई को विशेष बैठकें आयोजित की जाएंगी। इसमें सांस्कृतिक संध्याओं, दिन के कार्यक्रमों, स्टार नाइट्स और मुख्य अतिथियों को लेकर योजनाएं तय की जाएंगी।