Site icon Hindi &English Breaking News

हिमाचल में बढ़ती नशे की लत पर ABVP का सख्त रुख, प्रशासन को सौंपा ज्ञापन

रामपुर, 5 मार्च, न्यूज व्यूज पोस्ट।

: हिमाचल प्रदेश में युवाओं के बीच बढ़ती नशे की प्रवृत्ति को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) ने कड़ा रुख अपनाया है। संगठन ने रामपुर उपमंडल अधिकारी को ज्ञापन सौंपते हुए प्रदेश में नशे के बढ़ते मामलों पर चिंता जताई और त्वरित समाधान की मांग की।

ABVP इकाई अध्यक्ष आयुष शर्मा ने बताया कि हिमाचल प्रदेश में पिछले 10 वर्षों में 3,900 से अधिक नशे से संबंधित घटनाएं सामने आई हैं। चिंताजनक रूप से, बीते 13 महीनों में NDPS अधिनियम के तहत 1,943 मामले दर्ज किए गए हैं, जिससे प्रदेश में नशे के बढ़ते प्रभाव का अंदाजा लगाया जा सकता है।

ABVP ने प्रशासन से रखी ये अहम मांगें:

  1. नशा मुक्ति केंद्रों की संख्या बढ़ाई जाए और उन्हें अधिक प्रभावी बनाया जाए।
  2. स्कूल-कॉलेजों में व्यापक नशा विरोधी अभियान चलाए जाएं ताकि युवा जागरूक हों।
  3. सीमावर्ती क्षेत्रों और नशा प्रभावित इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की जाए
  4. पुलिस को आधुनिक उपकरणों से लैस किया जाए ताकि वे नशे के तस्करों पर कड़ी कार्रवाई कर सकें।
  5. 24×7 हेल्पलाइन नंबर सक्रिय किया जाए जिससे नागरिक तत्काल नशे से जुड़ी सूचना दे सकें।
  6. स्वयंसेवी संगठनों की सहायता से नशा रोकथाम अभियान चलाए जाएं और जिला स्तर पर नियमित समीक्षा बैठकें आयोजित की जाएं।

ABVP ने सरकार से आग्रह किया कि वह इस गंभीर सामाजिक समस्या को प्राथमिकता दे और युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने के लिए ठोस कार्रवाई करे। संगठन ने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन जल्द प्रभावी कदम नहीं उठाता है, तो वे आंदोलन तेज करेंगे

प्रदेश में नशे की बढ़ती समस्या से चिंतित स्थानीय लोगों और अभिभावकों ने भी ABVP की इस पहल का समर्थन किया है और सरकार से सख्त कानून लागू करने की मांग की है।

Exit mobile version