Site icon Hindi &English Breaking News

हिमाचल महिला आयोग को मिली नई अध्यक्ष, 30 महीने बाद फिर शुरू होगी पीड़ित महिलाओं की सुनवाई

शिमला। न्यूज व्यूज पोस्ट।

हिमाचल प्रदेश सरकार ने राज्य महिला आयोग को नई दिशा देने की ओर एक बड़ा कदम उठाते हुए विद्या नेगी को आयोग की अध्यक्ष नियुक्त किया है। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग की ओर से शुक्रवार को जारी अधिसूचना में यह जानकारी दी गई। यह नियुक्ति हिमाचल प्रदेश राज्य महिला आयोग अधिनियम 1996 के अंतर्गत सरकार को प्राप्त अधिकारों के तहत की गई है।

नव-नियुक्त अध्यक्ष विद्या नेगी का कार्यकाल पदभार ग्रहण करने की तारीख से तीन वर्षों तक प्रभावी रहेगा। आयोग में उनकी सेवा शर्तें और वेतनमान वर्ष 1999 में बनाए गए आयोग नियमों के अनुसार निर्धारित होंगे।

जमीनी स्तर पर सक्रिय नेता हैं विद्या नेगी

कुल्लू जिला के मनाली तहसील स्थित शनाग गांव की निवासी विद्या नेगी कांग्रेस संगठन में लम्बे समय से सक्रिय रही हैं। उन्हें संगठनात्मक कार्यों का लगभग 30 वर्षों का अनुभव है। वे महिला कांग्रेस की जिला उपाध्यक्ष, जिला अध्यक्ष, सोशल मीडिया समन्वयक से लेकर राष्ट्रीय महिला कांग्रेस में कोऑर्डिनेटर जैसे कई जिम्मेदार पदों पर रह चुकी हैं। उन्हें मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के विश्वासपात्र नेताओं में माना जाता है।

लंबित पड़ी थीं 1500 से अधिक शिकायतें

महिला आयोग में पिछले ढाई वर्षों से अध्यक्ष की अनुपस्थिति के कारण आयोग की कार्यप्रणाली ठप पड़ी थी। इस दौरान आयोग के पास प्राप्त हुई 1500 से ज्यादा शिकायतों की सुनवाई नहीं हो सकी। शिकायतों में अधिकतर मामले घरेलू हिंसा, पारिवारिक कलह और महिला उत्पीड़न से जुड़े हुए हैं। कुछ महिलाएं स्वयं आयोग कार्यालय पहुंचीं, जबकि कुछ शिकायतें ऑनलाइन माध्यम से भेजी गई थीं।

अब जिलों में भी लगेगी न्याय की चौपाल

महिला आयोग की अध्यक्ष प्रदेशभर के जिलों में जाकर कैम्प अदालतें (जन सुनवाई) आयोजित करती हैं, जिससे दूरदराज की महिलाएं बिना राजधानी आए ही अपनी बात कह सकें। कई मामलों में आयोग पुलिस या संबंधित विभागों को संस्तुति भेजता है, जबकि अनेक मामलों का समाधान अपने स्तर पर करता है।

विद्या नेगी की नियुक्ति से आयोग में वर्षों से रुकी प्रक्रिया को गति मिलेगी और लंबित मामलों के शीघ्र निपटारे की उम्मीद बढ़ गई है। साथ ही महिलाओं को न्याय दिलाने की दिशा में सरकार की यह पहल महत्वपूर्ण मानी जा रही है।


Exit mobile version