शिमला।न्यूज व्यूज पोस्ट। हिमाचल प्रदेश में दुग्ध उत्पादकों के लिए महत्वपूर्ण संस्था हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी दुग्ध उत्पादक संघ (मिल्कफेड) को नया नेतृत्व मिल गया है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता बुद्धि सिंह ठाकुर को इसका चेयरमैन नियुक्त किया गया है। बुद्धि सिंह ठाकुर कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष होने के साथ-साथ पूर्व में कुल्लू जिला कांग्रेस अध्यक्ष और जिला परिषद अध्यक्ष रह चुके हैं। सहकारी क्षेत्र और किसानों से जुड़े मुद्दों पर उनकी गहरी पकड़ मानी जाती है। उनकी नियुक्ति को दुग्ध उत्पादकों के लिए फायदेमंद बताया जा रहा है, क्योंकि वे लंबे समय से सहकारी संस्थाओं को मजबूत करने के पक्षधर रहे हैं।
सिराज में जश्न का माहौल
उनकी नियुक्ति की खबर मिलते ही आउटर सिराज में खुशी की लहर दौड़ गई। कांग्रेस कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने इसे क्षेत्र के लिए गर्व की बात बताया।
नई जिम्मेदारी, नई उम्मीदें
मिल्कफेड के चेयरमैन पद पर आसीन होने के बाद बुद्धि सिंह ठाकुर ने कहा कि वे हिमाचल के दुग्ध उत्पादकों को मजबूत करने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम करेंगे। उन्होंने आश्वासन दिया कि सहकारी संस्थाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने और दूध उत्पादकों को लाभ पहुंचाने के लिए योजनाएं बनाई जाएंगी।