Site icon Hindi &English Breaking News

मां की ममता और पत्नी के आंसुओं में छलका गर्व: तरांडा के वीर सपूत को मिला मरणोपरांत शौर्य चक्र

किन्नौर (न्यूज व्यूज पोस्ट)।

देश की रक्षा करते हुए प्राणों की आहुति देने वाले वीर सपूत हवलदार रोहित कुमार नेगी को मरणोपरांत शौर्य चक्र से सम्मानित किया गया। राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू ने यह सम्मान नई दिल्ली में आयोजित एक भव्य समारोह में उनकी मां और पत्नी को सौंपा।

हिमाचल प्रदेश के किन्नौर जिले के तरांडा गांव निवासी हवलदार रोहित कुमार नेगी 8 अक्टूबर 2023 को जम्मू-कश्मीर में ड्यूटी के दौरान आए भीषण हिमस्खलन की चपेट में आ गए थे। अपने कर्तव्य के प्रति अडिग रहते हुए उन्होंने अंतिम सांस तक देश की सेवा की।

सम्मान ग्रहण करते समय मंच पर मौजूद मां और पत्नी की आंखों से छलके आंसुओं में गर्व और गम एक साथ झलक रहे थे। एक ओर बेटे और जीवनसाथी के खोने का दुःख था, वहीं दूसरी ओर देश के सर्वोच्च वीरता सम्मान में से एक को पाने का गर्व भी।

तरांडा गांव और पूरे किन्नौर क्षेत्र में हवलदार रोहित की शहादत को सलाम किया जा रहा है। स्थानीय लोगों ने बताया कि वे बचपन से ही साहसी और राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत थे। उनका यह बलिदान आने वाली पीढ़ियों को प्रेरणा देता रहेगा।

Exit mobile version