Site icon Hindi &English Breaking News

महिला सशक्तिकरण के लिए रामपुर में नारा लेखन एवं पेंटिंग प्रतियोगिता आयोजित

रामपुर बुशहर। विशेषर नेगी।महिला सशक्तिकरण, कल्याण और जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से रामपुर बाल विकास परियोजना अधिकारी कार्यालय द्वारा एक अनूठी पहल की गई। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के लिए नारा लेखन और पेंटिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें 9 वृतों की कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। प्रतियोगिता में अव्वल आने वालों को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर सम्मानित किया जाएगा।
शिमला जिले के रामपुर में महिला उत्थान और सामाजिक जागरूकता को लेकर एक विशेष प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने भ्रूण हत्या रोकने, कन्या जन्म दर बढ़ाने और महिला अधिकारों को लेकर स्लोगन और पेंटिंग प्रस्तुत किए। बाल विकास परियोजना अधिकारी शशि ठाकुर ने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य महिलाओं के सशक्तिकरण को बढ़ावा देना और समाज में समानता का संदेश फैलाना है।
शशि ठाकुर (बाल विकास परियोजना अधिकारी)
“हमारा उद्देश्य है कि महिलाओं को जागरूक किया जाए और समाज में लिंग समानता का संदेश दिया जाए। प्रतियोगिता में विजेता रही आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की पेंटिंग और नारों को आंगनबाड़ी केंद्रों में लगाया जाएगा, ताकि यह संदेश व्यापक रूप से फैले।”नीलम (आंगनबाड़ी कार्यकर्ता)
“यह प्रतियोगिता हमारे लिए गर्व की बात है। इससे हमें अपने विचारों को रचनात्मक रूप से व्यक्त करने का अवसर मिला है। हमारा उद्देश्य है कि लड़का-लड़की में कोई भेदभाव न हो और समाज में समानता हो।”
इस पहल के तहत महिलाओं को उनके अधिकारों और शिक्षा के प्रति जागरूक किया जा रहा है। इस तरह की प्रतियोगिताएं न केवल महिलाओं का आत्मविश्वास बढ़ाती हैं, बल्कि पूरे समाज को एक सकारात्मक संदेश भी देती हैं। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर विजेताओं को सम्मानित कर उनकी मेहनत को सराहा जाएगा।
महिला सशक्तिकरण की दिशा में यह प्रयास सराहनीय है। उम्मीद है कि इस तरह के आयोजनों से समाज में सकारात्मक बदलाव आएगा।

Exit mobile version