शिमला। न्यूज़ व्यूज पोस्ट—हिमाचल प्रदेश के 10 हजार से ज्यादा स्कूलों में आजादी का अमृत महोत्सव, मनाया जाएगा। अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के माध्यम से पहली अगस्त को प्रदेश के 11 हजार और देश भर के तीन लाख स्कूलों में भारत माता का पूजन और शहीदों का सम्मान कार्यक्रम होगा। इसके साथ ही एक हजार कालेज भी इसमें कवर होंगे। अखिल भारतीय शैक्षणिक संघ के सचिव पवन मिश्रा ने बताया कि इसमें प्रदेश में 11 हजार स्कूलों में भारत माता के चित्र पहुंच चुके हैं। इसमें बच्चे देश और प्रदेश की संस्कृति के बारे में जान सकें, यही कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य है। उन्होंने बताया कि राष्ट्र प्रेम के बारे में भी बच्चों को बताना है। इसमें बच्चों को 75 साल के भारत के इतिहास के बारे में बताया जाएगा। वंदे मातरम के साथ इस दौरान स्कूलों तक एक रैली भी निकाली जाएगी। उन्होंने बताया कि पहली बार देश और प्रदेश स्तर पर इस तरह का कार्यक्रम हो रहा है।
इसके साथ ही इस दिन शहीदों के परिवारों को भी सम्मानित किया जाएगा। इस दौरान हर विद्यालय में उस दिन एक रैली का आयोजन किया जाएगा, जिसमें भारत माता की जय, वंदे मातरम के नारे लगाते हुए तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी। स्कूल में पहुंचकर भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा, जिसमें भारत माता का पूजन, भारत माता की आरती और एक वक्ता श्रोताओं के बीच में भारत की स्वतंत्रता के लिए लडक़े संघर्ष में गुमनाम बलिदानी, भारतीय संस्कृति, भारतीय संस्कार की चर्चा बच्चों में करेंगे। आज अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ का एक प्रतिनिधिमंडल मुख्यमंत्री से मिला और उन्हें भारत माता का चित्र भेंट कर अमृत महोत्सव के बारे में जानकारी दी। यह जानकारी अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ हिमाचल इकाई के महामंत्री डॉ मामराज पुंडीर ने दी। इस अवसर पर हिमाचल के शिक्षामंत्री गोविंद ठाकुर भी उपस्थित थे।इस प्रतिनिधिमंडल में प्रान्त कार्यकारिणी सदस्य सुषमा, प्रिया सहित कई शिक्षक वर्ग मौजूद थे।
