आनी, 12 अगस्त। न्यूज़ व्यूज पोस्ट—:-भारी बारिश के कारण आनी उपमंडल में भारी नुक्सान हुआ है। इस दौरान भू-स्खलन के कारण च्वाई क्षेत्र के खदेड़ गांव में एक बुजुर्ग महिला चबेलू देवी और उनकी दोहती कुमारी प्रीतिका मलबे में दफन हो गई।
इसी तरह गुगरा के साथ लगते क्षेत्र में बादल फटने के कारण गुगरा में लोगों के घरों में मलबा घुस गया है। साथ ही नगाली कैंची के समीप बादल फटने से देहुरी खड्ड का जल स्तर बढ़ गया और आनी में 10 दुकानें बह गई। भारी बारिश के कारण 5 वाहन मलबे में दब गए और कुछ बह गए। 2 दुपहिया वाहन भी इसके कारण क्षतिग्रस्त हुए हैं। प्रशासन की ओर से एसडीएम आनी नरेश वर्मा की अगुआई में घटना स्थलों का दौरा कर जायजा लिया गया।
प्रशासन की ओर से तैयार की गई रिपोर्ट के अनुसार भारी बारिश के चलते उपमंडल में कुल 2.13 करोड़ रुपए का नुक्सान आंका गया है। इसमें एक महिला और एक लड़की की मृत्यु के साथ घर भी क्षतिग्रस्त हुआ है। कुटवा और चनोग गांव के विभिन्न लोगों की कारें और दोपहिया वाहन भी बादल फटने के कारण आई बाढ़ की चपेट में आ गए। गुगरा में प्रदीप कुमार के 800 सेब के पौधों का बगीचा भी इसके कारण नष्ट हो गया है। गुगरा निवासी रामकृष्ण के गोदाम और उसमें रखा सामान भी बाढ़ के कारण क्षतिग्रस्त हुआ है। तिंदर निवासी धर्मपाल का एक खोखा आनी बाढ़ में बह गया। देउरी खड्ड में जल स्तर बढ़ने के कारण पुराना बस स्टेंड में खोखे खड्ड में बह गए हैं। इन सभी को प्रशासन की ओर से फौरी राहत के तौर पर 5-5 हजार रुपए दी गई है। पटवार वृत कंडा की फाटी ब्युंगल जाबन नें दो मकान आंशिक तौर पर क्षतिग्रस्त हुए हैं। वहीं क्षेत्र में भारी वर्षा से अब तक 40 बीघा उपजाऊ भूमि भू-स्खलन के कारण क्षतिग्रस्त हुई है।दलाश के सोईधार में 8 बीघा भूमि, कराणा में 10 बीघा भूमि, कोहिला में 10 बीघा भूमि, डिंगीधार में 10 बीघा भूमि, बिशलाधार में 15 बीघा भूमि, कुंगश शिल्ही में 30 बीघा भूमि, कराड़ में 20 बीघा भूमि, खणी लझेरी में 50 बीघा भूमि, बुच्छैर में 10 बीघा भूमि, करशैईगाड में 50 बीघा उपजाऊ भूमि क्षतिग्रस्त हुई है।
एसडीएम नरेश वर्मा का कहना है कि प्रशासन ने बारिश से प्रभावित स्थलों का दौरा किया है। मृतकों के आश्रितों को 15-15 हजार रुपए की फौरी राहत प्रदान की गई है। इसके अलावा 10 अन्य दुकानदारों को भी 5-5 हजार रुपए की राहत राशि प्रदान की गई है। प्रशासन की ओर से राहत कार्य जारी है। भारी वर्षा से आनी उपमण्डल में 2.13 करोड़ रु का नुक्सान आंका गया है।
