Site icon Hindi &English Breaking News

विधान सभा चुनाव जीतने में नही आएगी मुश्किलें:-प्रतिभा


करसोग । न्यूज़ व्यूज पोस्ट—
करसोग में लोकसभा उपचुनाव जीतने के बाद पहली बार पहुंची सांसद प्रतिभा सिंह ने विधानसभा चुनाव में भी कांग्रेस पार्टी की जीत का दावा किया है। यहां जनसभा को संबोधित करने के बाद पत्रकारों से बात करते हुए प्रतिभा सिंह ने कहा कि मंडी जिला से मुख्यमंत्री होने पर भी कांग्रेस को विधानसभा चुनाव जीतने में मुश्किल नहीं होगा। इसका सबसे बड़ा उदाहरण मंडी संसदीय क्षेत्र के लिए हुआ लोक सभा उप चुनाव है। उस वक्त भी मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने मंडी हमारी थी, हमारी ही रहेगी का नारा दिया था। जनता को इस तरह के नारों से लुभाने का प्रयास किया गया, लेकिन मंडी के लोग इन बातों में नहीं आए और उस समय भी जनता ने कांग्रेस का ही साथ दिया। उन्होंने कहा की बार बार मंडी गृह जिला से मुख्यमंत्री की बात करना सही नहीं है। जनता अच्छी तरह से जानती है कि स्वर्गीय वीरभद्र सिंह भी मंडी का नेतृत्व कर चुके हैं। ऐसे में विधानसभा चुनाव में जीत हासिल करना कांग्रेस के लिए मुश्किल कार्य नहीं है। हिमाचल दिवस पर मुख्यमंत्री की ओर से की गई घोषणाओं पर पूछे गए सवाल के जवाब में प्रतिभा सिंह ने कहा कि विधानसभा चुनाव को देखते हुए इस तरह की घोषणाएं की गई है। उन्होंने कहा की जनता जानती है कि पिछले चार सालों में बिजली कितनी महंगी हुई है। उसी तरह से भाजपा के शासन काल में महंगाई अपनी चरम सीमा पर है। जरूरी खाद्य वस्तुओं सहित सीमेंट, सरिया और गैस सिलेंडर के दाम आसमान छू रहे हैं। ऐसे में प्रदेश की आम जनता लगातार बढ़ रही महंगाई की वजह से परेशान है। प्रतिभा सिंह ने करसोग में हुई भव्य स्वागत के लिए जनता का आभार प्रकट किया। उन्होंने कहा कि जब भी कभी करसोग का दौरा किया जनता का हमेशा भरपूर प्यार मिला है। मंडी संसदीय क्षेत्र के लिए हुए लोक सभा उप चुनाव के लिए जब वोट मांगे गए थे, तब भी जनता ने अपना आश्रीवाद दिया, आज भी चुनाव जीतने के बाद करसोग की जनता का पूरा समर्थन मिला है। इसके लिए उन्होंने जनता का आभार प्रकट किया है। ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष पृथ्वी सिंह नेगी ने कहा कि आधुनिक हिमाचल प्रदेश के निर्माता रहे स्वर्गीय वीरभद्र सिंह की सरकार के समय में करसोग का चौमुखी विकास हुआ है। प्रदेश कांग्रेस पार्टी सचिव निर्मला चौहान ने कहा कि गर्व की बात है कि प्रतिभा सिंह संसद में मंडी संसदीय क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर रही है। उन्होंने करसोग में थमी विकास की रफ्तार को लेकर भी भाजपा सरकार पर निशाना साधा। इस अवसर पर ब्लॉक कांग्रेस महासचिव हरिओम शर्मा, सचिव उत्तम चंद चौहान, प्रदेश कार्य समिति सदस्य महेश राज, जिला कांग्रेस कार्यकारणी सदस्य भगतराम व्यास, ब्लॉक कांग्रेस उपाध्यक्ष हेतराम शर्मा, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य अतुल शर्मा, पूर्व पंचायत समिति अध्यक्ष चमेलू देवी, जिला कांग्रेस महासचिव सुलोचना भारद्वाज, जिला कांग्रेस महासचिव संजय शर्मा, युवा कांग्रेस अध्यक्ष रमेश कुमार आदि पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Exit mobile version