शिमला, | न्यूज व्यूज पोस्ट — हिमाचल प्रदेश के कम्प्यूटर शिक्षकों की समस्याओं और मांगों को लेकर राज्य कम्प्यूटर शिक्षक संगठन के एक प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू से शिमला में मुलाकात की। यह प्रतिनिधिमंडल संगठन की अध्यक्ष सुमन ठाकुर के नेतृत्व में मुख्यमंत्री से मिला।
प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री के समक्ष संगठन की प्रमुख मांगें रखीं, जिनमें कम्प्यूटर शिक्षकों के नियमितीकरण, मानदेय में बढ़ोतरी, और भविष्य की सेवा सुरक्षा से संबंधित मुद्दे शामिल थे।
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने शिक्षकों की बातों को ध्यानपूर्वक सुना और सभी मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करने का आश्वासन दिया। उन्होंने यह भी कहा कि राज्य सरकार शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए गंभीर प्रयास कर रही है और शिक्षकों की भूमिका इसमें अहम है।
संगठन की अध्यक्ष सुमन ठाकुर ने मुख्यमंत्री का आभार जताते हुए उम्मीद जताई कि राज्य सरकार कम्प्यूटर शिक्षकों की वर्षों से लंबित मांगों पर जल्द ही सकारात्मक निर्णय लेगी।
उल्लेखनीय है कि प्रदेश भर में हजारों कम्प्यूटर शिक्षक अनुबंध पर सेवाएं दे रहे हैं, जो लंबे समय से अपने भविष्य को लेकर असमंजस की स्थिति में हैं।