सोलन, न्यूज व्यूज पोस्ट :
हिमाचल प्रदेश के बद्दी क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। मलपुर गांव निवासी गुरविंद्र सिंह उर्फ गिंदी की मौत कथित तौर पर नशे की ओवरडोज से हो गई। लेकिन घटना यहीं नहीं रुकी—गुरविंद्र के करीबी दोस्त राजा ने न केवल इस मौत को छुपाया, बल्कि शव को पंजाब के मोरिंडा के पास एक नहर में फेंक दिया।
गुरविंद्र के भाई अभिषेक सैनी ने बताया कि उनका भाई सोमवार रात से लापता था और आखिरी बार उसे राजा के साथ देखा गया था। परिवार तब सन्न रह गया जब देर रात अभिषेक को राजा का एक वॉयस मैसेज मिला। उसमें राजा ने कबूल किया कि गुरविंद्र की मौत नशे की ओवरडोज से हुई और डर के चलते उसने शव को ठिकाने लगा दिया। इतना ही नहीं, वह गुरविंद्र की गाड़ी लेकर जालंधर फरार हो गया।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए राजा को जालंधर से धर दबोचा। गुरुवार दोपहर पुलिस ने मोरिंडा के पास नहर से शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
बद्दी के एएसपी अशोक वर्मा ने बताया कि मामले की गहराई से जांच हो रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि गुरविंद्र को किस प्रकार का नशा दिया गया और इसमें राजा की भूमिका कितनी थी।
इस घटना ने एक बार फिर हिमाचल में फैलते नशे के जाल को उजागर किया है। स्थानीय लोग आक्रोशित हैं और उन्होंने प्रशासन से नशे के सौदागरों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो कई और जिंदगियां इस अंधे कुएं में समा जाएंगी।